श्री नयना देवी वन रेंज में अवैध खैर कटान मामले में विजिलेंस ने वन विभाग के बीट अफसर (बीओ) और दो वनरक्षकों को गिरफ्तार किया है। फरवरी 2018 में दर्ज इस मामले में विजिलेंस ने पहली बार गिरफ्तारी की है।
तीनों कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में जानकारी मिलने पर मामले से जुड़ी कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इसलिए वन विभाग और कई रसूखदारों में हड़कंप मच गया है।
श्री नयना देवी वन रेंज में अवैध कटान के मामले का अमर उजाला ने खुलासा किया था। श्री नयना देवी वन रेंज के वन खंड बड़ोह, बस्सी, भाखड़ा, सलोआ और कोट वन रेंज में करीब 25 हजार खैर के पेड़ों का अवैध कटान हुआ था। 25 फरवरी 2018 के अंक में अमर उजाला में खबर छपने के बाद विजिलेंस ने पहली एफआईआर दर्ज की थी।
इसके बाद से विजिलेंस छापे मार रही है। इस दौरान कई चेक पोस्ट, वन अधिकारियों के घरों के अलावा ऊना में कुछ क्षेत्रों में छानबीन की गई। अब शुक्रवार को विजिलेंस ने एक बीओ और दो फॉरेस्ट गार्ड गिरफ्तार किए गए हैं, जिनसे विजिलेंस पूछताछ कर रही है। मामले में तिलक राज बीओ, वन रक्षक बलबीर सिंह और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में संलिप्त वन विभाग के एक अधिकारी और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक बीओ और दो गार्ड हैं। पकड़े गए कर्मियों से विजिलेंस पूछताछ कर रही है।
- डीके चौधरी, एसपी विजिलेंस