हिमाचल और पंजाब के 14 युवकों को टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपी तीनों एजेंटों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। यह एजेंट सुंदरनगर के डिनक क्षेत्र से संबंधित हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ सऊदी अरब में फंसे युवकों के परिजनों ने सुंदरनगर थाने में आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में दो दिन पूर्व ही शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए थे।
थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि तीनों एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को सोमवार अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि तीनों आरोपियों पर झूठा आश्वासन देकर 14 युवकों को 90-90 हजार रुपये की राशि लेकर सऊदी अरब भेजने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार युवकों को टूरिस्ट वीजा देकर भेजा गया और कहा गया कि तीन माह के अंदर एजेंसी का मालिक सभी युवकों को वर्क वीजा लेकर देगा। जबकि ऐसा हुआ ही नहीं। और तो और सऊदी अरब में फंसे युवकों से बंधुआ मजदूरों की तरह काम करवाया गया।
उन्हें वर्क वीजा नहीं दिया गया जिसके कारण इन सभी युवकों को सऊदी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। चार युवकों की भारत वापसी हो गई है जबकि अब भी 10 युवक सऊदी में ही फंसे हुए हैं।