बलराज भाटी गैंग का पचास हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 टीम ने कुख्यात गैंगस्टर बलराज भाटी गैंग के 50 हजार इनामी बदमाश दीपक निवासी सहराला (पलवल) को गिरफ्तार किया है। तीन साल से फरार चल रहे दीपक पर हत्या, लूट और मारपीट आदि के करीब आठ केस दर्ज हैं। पुलिस को यह भी शक है कि एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर बलराज भाटी की एके-47 राइफल दीपक के पास है। क्राइम ब्रांच टीम उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि दीपक ने 5 दिसंबर 2015 को बल्लभगढ़ में एक बारात के दौरान डीजे बजाने के विवाद में गिर्राज नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी दौरान गैंगस्टर बलराज भाटी ने घरौडा में दोहरा हत्याकांड अंजाम दिया था। बलराज भाटी और दीपक फरारी के दौरान होडल में रब्बो नाम के बदमाश के यहां मिले। इसके बाद दीपक बलराज भाटी का खास गुर्गा बन गया था।
दो साल में 7 वारदात को अंजाम दिया
2017 में गुरुग्राम के खंडसा गांव में हुई पुलिस मुठभेड़ में बलराज भाटी के साथ दीपक भी मौजूद था। मुठभेड़ में जयबीर के पैर में गोली लगी थी जबकि बलराज भाटी और दीपक भागने में कामयाब हो गए थे। फरारी में 2016 से 2018 के बीच छायंसा थाना क्षेत्र में लूटपाट, मारपीट आदि की सात वारदात अंजाम दीं। मुखबिर की सूचना पर उसे बल्लभगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। विमल कुमार के मुताबिक, मुखबिर बताते हैं मुठभेड़ में मारे गए बलराज भाटी की एके-47 राइफल दीपक के पास ही है। उन्होंने बताया कि रिमांड पर लेकर दीपक से पूछताछ कर राइफल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।