ननखड़ी क्षेत्र में खेतों से गुच्छी निकाल रहे व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। इस दौरान लड़ाई के बीच दोनों गहरी खाई में जा गिरे और दोनों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक विजय कनेन के यहां चंद्र बहादुर चौकीदार था। बीते सात अप्रैल को वह गुच्छी लाने के लिए जंगल की ओर गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। अगले दिन भी चंद्र कुमार का सुराग नहीं लगा तो नौ अप्रैल को लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
बुधवार देर शाम को करनेड़ी में काली ढांक में चंद्र कुमार का शव बरामद हुआ। पास में ही एक भालू का शव भी पड़ा था। पुलिस ने जांच में पाया कि चंद्र बहादुर ढांक में गुच्छी की तलाश कर रहा था, इसी बीच भालू ने उस पर हमला कर दिया।
दोनों लड़ाई के दौरान गहरी खाई में जा गिरे। बहादुर सिंह मिट्टी के ढेर पर गिरा था तो भालू पहले पेड़ पर गिरा, जिससे पेड़ टूट गया।
ननखड़ी चौकी प्रभारी एएसआई हरी सिंह ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम के लिए चौकीदार का शव ननखड़ी ले आई है। जबकि वन विभाग की टीम ने भालू के शव को कब्जे में ले लिया है।