उपमंडल के धार्मिक पर्यटन स्थल तत्तापानी में चोरी का मामला सामने आया है। लक्ष्मी नारायण मंदिर के मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरों ने माता की मूर्ति से सोने की नथ सहित तीन दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। मंदिर कमेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पिछले डेढ़ साल से मंदिर में पूजा कर रहे कैप्टन एमसी शर्मा प्रतिदिन की तरह वीरवार सुबह चार बजे पूजा करने मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर में लकड़ी के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर देखा तो मंदिर के रखा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। माता की सोने की नथ भी गायब पाई गई।
हनुमान की मूर्ति, शिवलिंग और माता के मंदिर के पास रखे गए तीनों दानपात्र में टूटे हुए थे। उन्होंने मंदिर कमेटी को सूचना दी। इसके बाद तत्तापानी पुलिस चौकी में सूचना दी गई। एएसआई के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दानपात्रों में पांच-छह हजार का चढ़ावा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।