शिमला के जोधा निवास में प्रदेश विश्वविद्यालय में कार्यरत महिला प्रोफेसर के घर से घरेलू नौकर हीरे-सोने का हार सहित लाखों के सामान पर हाथ साफ कर गया। आरोपी की पहचान विक्रम निवासी बिहार के तौर पर हुई है। इसे पंद्रह दिन पहले ही काम पर रखा था।
लेकिन इसका काम पसंद न आने पर 31 अगस्त को नौकरी से हटा दिया गया था। आरोपी घर से हीरों का हार, चांदी की दो मूर्तियां, सोने की चेन, सोने के झुमके और लैपटॉप ले गया है। इसे घर से निकलते हुए पड़ोसियों ने देखा लेकिन किसी को यह पता नहीं था कि इसे नौकरी से हटा दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रोफेसर संजू करोल जोधा निवास में अपने पिता के पास रहती हैं। इन्होंने कुछ दिन पहले बिहार के रहने वाले विक्रम को काम पर रखा लेकिन उसका काम पसंद नहीं आया। उसका हिसाब कर नौकरी से हटा दिया।
ऐसे अंजाम दी ये वारदात
इसके बाद इनके घर पर पुराना घरेलू नौकर ही था। विक्रम मंगलवार रात को इसके पास आया और सर्वेंट क्वार्टर में रहा। उसने कहा कि कल उसे दिल्ली जाना है। बुधवार दोपहर को जब घरेलू नौकर प्रोफेसर के पिता के साथ बाजार गया था तो आरोपी घर की खिड़की का कांच निकाल कर भीतर दाखिल हुआ।
वह घर के हर कोने से वाकिफ था। जहां कीमती सामान पड़ा था, उसे उठाकर फरार हो गया। विक्रम को घर में रखने से पहले थाने में इसका पंजीकरण करवाना भी घर के सदस्यों ने जरूरी नहीं समझा। लिहाजा, आरोपी को खोज निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।
उधर, डीएसपी सिटी बलबीर जसवाल ने कहा कि थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आम जनता से आग्रह है कि घरेलू नौकर रखने से पहले नजदीक के थाने में उसका पंजीकरण जरूर करवाएं।