हिमाचल के कुल्लू जिले के मणिकर्ण-भुंतर मार्ग पर सरसाडी ढांक के पास नशे में धुत दो लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जब हमला किया गया तब एसपी कुल्लू भी पुलिस वाहन में मौजूद थे।
पुलिस के जवानों को चोटें आई हैं। भुंतर पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। दूसरा मौके से फरार हो गया। रात करीब 12 बजे पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। उनके साथ अंगरक्षक और चालक भी गाड़ी में मौजूद थे।
गाड़ी भुंतर-मणिकर्ण मार्ग स्थित सरसाड़ी ढांक के पास पहुंची तो रास्ते में शराब के नशे में धुत दो लोगों ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक कर चालक और अंगरक्षक के साथ झगड़ा और मारपीट की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दराट से भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की।
इस घटना के बाद आरोपी मौके से भुंतर की तरफ भाग गए, जिसकी सूचना भुंतर पुलिस को दी गई और पुलिस ने एक आरोपी कन्हैया पुत्र भूप राम निवासी सरसाड़ी को पकड़ लिया।
दूसरा आरोपी अभी तक फरार चल रहा, जिसकी धरपकड़ के लिए पुलिस संबंधित ठिकानों पर छापा मार रही है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।