सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में ढाई साल की परी के ढक्कन रहित सेप्टिक टैंक में गिरकर हुई मौत के मामले में 35 दिन बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस की ओर से दर्ज की गई चार्जशीट में तीन लोगों को नामजद किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल ऑफिसर, एक हेल्थ सुपरवाइजर और प्लंबर को नामजद किया गया है। हालांकि इससे पहले घटना वाले दिन 24 फरवरी को पुलिस की ओर से अस्पताल में मरम्मत कार्य में लगे प्लंबर को दोषी ठहरा कर उस पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने पुलिस टीम सहित घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद चार्जशीट दाखिल की गई।
यह है मामला
24 जनवरी को परी इस अस्पताल में आई थी और खेलते-खेलते सेप्टिक टैंक में गिर गई थी और दो घंटे बाद जब उसे सेप्टिक टैंक से निकाला गया था, तो उसकी मौत हो गई थी। मामले की जांच धीमी गति से चलने पर परिजनों ने रोष जताया था और अस्पताल परिसर में धरना देने की बात कही थी। परी की मां कमलेश कुमारी और पिता भूपेंद्र सिंह इस मामले न्याय मांग रहे थे।
तीन पर दर्ज किया गया केस : एसपी
एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि जांच में लापरवाही बरतने का मामला सामने आने पर अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर, हेल्थ सुपरवाइजर और प्लंबर के खिलाफ चार्जशीट दर्ज की गई है।