टांग में चोट की वजह से नौवीं के छात्र ने मुर्गा बनने से इनकार किया तो शिक्षक ने लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मामला सरकाघाट के एक सरकारी स्कूल का है।
परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। छात्र के पिता दिवान चंद ने बताया कि उसका बेटा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा में बैठकर अपने सहपाठी से बात कर रहा था।
इसी दौरान आरोपी शिक्षक ने कक्षा में प्रवेश किया और उसे मुर्गा बनने को कहा। टांग में चोट की वजह से छात्र ने मुर्गा बनने से मना कर दिया। इसके बावजूद शिक्षक ने उसे जबरन मुर्गा बना दिया और लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटकर बेहोश कर दिया।
बाद में शिक्षक ने पिटाई की बात किसी को न बताने का दबाव बनाया। छात्र जब घर आया तो वह सो गया। लेकिन दर्द से कराहने पर जब परिजनों ने पूछा तो सारा किस्सा सुनाया। परिजनों ने तुरंत पुलिस में मुकदमा दर्ज करवा दिया।
उधर, प्रधानाचार्य राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि अध्यापक से पूछताछ की जाएगी। दोषी हुआ तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। डीएसपी सरकाघाट चंद्र पाल सिंह ने बताया कि छात्र का मेडिकल करवाया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद पुलिस धाराएं बदल सकती है।