मेरठ। पटेल नगर में हुए अजय हत्याकांड में देहली गेट पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर हाली गल्ला के पुत्र और पुलिस वालों के दो बेटों को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया। उधर, एसएसपी ने कहा है कि गुंडई करने के सभी आरोपी जेल भेजे जाएंगे।
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता के अनुसार अजय उर्फ रिंकू की हत्या के केस में हाजी गल्ला का बेटा शादाब और उसके विरोधी अरमान को नामजद किया गया था। विवेचना में पुलिस लाइन निवासी दरोगा मनोज चौधरी का बेटा मोहित, सरधना में तैनात सिपाही रहीस का बेटा आमिर और पुलिस लाइन में तैनात सिपाही भगवान दास के बेटे निखिल के अलावा अनु वाल्मीकि पुत्र राजकुमार निवासी वाल्मीकि बस्ती, छोटू पुत्र भूरा निवासी छिलौरा, नेमू पंडित निवासी गंगानगर, इकराम पुत्र अल्ताफ और सोतीगंज के हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला का नाम शामिल है। इस तरह अब तक इस केस में कुल 10 आरोपी बन चुके हैं। बृहस्पतिवार को शादाब, निखिल और आमिर को जेल भेज दिया गया है, जबकि हाजी गल्ला सहित अन्य आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। इस केस में एससीएसटी एक्ट भी लगाया गया है।
गल्ला ने भी दी पिस्टल
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता के अनुसार विवेचना में सामने आया है कि गल्ला ने बेटे शादाब से कहा था कि यदि अरमान ना माने तो उसे सबक सिखा देना। दरोगा के बेटे के अलावा गल्ला ने भी शादाब को पिस्टल दी थी। शादाब ने पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मियों के बेटों को हत्या की वारदात में साथ लिया था।
एसएसपी मैडम! हाजी गल्ला जेल में चाहिए
मेरठ। अजय की हत्या के मामले में पीड़ित परिजनों ने भाजपा नेताओं के साथ पहुंचकर एसएसपी आवास का घेराव किया। भाजपाइयों ने कहा कि यदि हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला को जेल नहीं भेजा गया तो इसके जिम्मेदार पुलिस अफसर होंगे। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी नहीं मिली।
भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा के नेतृत्व में पीड़ित परिजन और भाजपा कार्यकर्ता एसएसपी आवास पहुंचे। कमलदत्त शर्मा ने एसएसपी से कहा कि हाजी गल्ला हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस की मिलीभगत से गोदाम पर वाहनों का कटान होता है। हाजी गल्ला और उसके बेटे ने एक बेकसूर युवक की जान ले ली। इस दौरान भाजपाइयों ने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता, बीस दिन में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने और हत्या के मामले में क्षतिपूर्ति के तौर पर भी आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि हत्या के मामले में हाजी गल्ला के बेटे समेत तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। हाजी गल्ला को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है, जिसे गिरफ्तार कर पुलिस हर हालत में जेल भेजेगी। जो भी फरार आरोपी हैं उन्हें बक्शा नहीं जाएगा। इस दौरान तुषार गुप्ता, विकास केन, कपिल, नितिन, विमल, हीरालाल प्रजापति, अभिनव आदि मौजूद रहे।
अजय मर्डर केस :
एसएसपी ने कहा, नहीं चलेगी गुंडई, सभी आरोपी जाएंगे जेल