एक टैक्सी चालक को रात में सवारी उठानी महंगी पड़ गई। सवारी बनकर आए युवकों ने पहले टैक्सी को हायर किया और इसके बाद रास्ते में जबरन चालक से गाड़ी की चाबी ले ली और खुद ड्राइव करने लगे। इसके बाद अज्ञात युवकों ने टैक्सी चालक को दो दिन तक बंधक बनाकर रखा और उसकी टैक्सी को घुमाते रहे। मामला हिमाचल के कुल्लू जिले का है।
पुलिस ने टैक्सी चालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 341, 342 तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर ली है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक ने कुल्लू थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस को दी तहरीर में युवक ने कहा है कि वह गत शुक्रवार को लाहौल से सवारी लेकर मनाली आया था।