मंडी जिले के नेरचौक में कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने कार चालक भी मार डाला। नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज के बाहर शुक्रवार देर शाम हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कार चालक राकेश कुमार (28) पुत्र जोगिंद्रपाल एक अन्य साथी के साथ कार में तेल भरवाने नेरचौक जा रहा था। चाक का गोहर के पास कार अनियंत्रित हो गई।
इस बीच, सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग निक्का राम (80) इसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना का पता चलते ही बुजुर्ग के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार चालक और उसके दोस्त की जमकर धुनाई कर डाली।
घर से उठाकर लाए फिर दराट डंडो से की हत्या
हालांकि, यहां से दोनों किसी तरह बच निकले, लेकिन बुजुर्ग की मौत से गुस्साए परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने कार चालक को उसके घर से भी ढूंढ निकाला। इसके बाद उसे घटनास्थल पर ले आए।
यहां रॉड, दराट तथा डंडों से बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। बाद में कार चालक की भी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर लिया है।
बुजुर्ग के परिजनों की शिकायत पर भादंसं की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि चालक की मौत पर भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएचओ बल्ह मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
परिजनों ने किया चक्का जाम
कार चालक राकेश कुमार की बेरहमी से पिटाई और मौत के बाद उसके परिजनों ने शनिवार को एनएच-21 पर चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बुजुर्ग परिवार के सदस्यों ने उनके बेटे की हत्या की है।
पूरे मामले में परिजन आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि राकेश की गाड़ी के नीचे आकर अगर बुजुर्ग की मौत हो गई थी तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था।
इस पूरे वाकये से रोष में आए परिजनों ने करीब करीब डेढ़ घंटा विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच,एएसपी केसी राणा ने उन्हें शांत करवाकर और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। इसके बाद मार्ग में फंसे वाहनों की आवाजाही बहाल हो पाई। एसपी मंडी ने बताया कि मामले में आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस स्टेशन का भी हुआ घेराव
चालक राकेश की हत्या से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने बल्ह थाने का घेराव भी किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों की अभी भी गिरफ्तारी नहीं कर रही है जबकि हत्या में संलिप्त सभी आरोपियों की सूचना पुलिस को है।
परिजनों को ढाढस बंधाने के लिए मामले की सूचना मिलते ही आबकारी एवं कराधान विभाग मंत्री प्रकाश चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बल्ह पुलिस के मुताबिक मौके पर उपस्थित लोगों से पूछताछ कर सभी आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।