हिमाचल के ऊना जिले के बंगाणा इलाके में तीन युवकों ने लाठियों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। बुधवार देररात हमलावर पीड़ित को लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद उपचार शुरू कराया लेकिन इसी दौरान घायल ने पीड़ित ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम चंद (40) पुत्र बरफी राम खुड़वाईं के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार एक हमलावर युवक के पिता खुड़वाईं में सब्जी की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है पुरुषोत्तम भी उसकी दुकान पर आया करता था। बुधवार की रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।
सब्जी दुकान मालिक ने घर जाकर इस घटना का जिक्र किया, जिससे गुस्साया उसका बेटा अपने दो साथियों के साथ पुरुषोत्तम को सबक सिखाने पहुंच गया। तीनों ने लाठियां ले रखी थीं।
मरने से पहले पुलिस को दिए पुरुषोत्तम के बयान में बताया गया है कि तीनों ने उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। वहीं, सूचना मिलने पर पुरुषोत्तम के परिजन उसे फौरन अस्पताल ले गए। यहां पुलिस को भी बुला लिया गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए।
घायल का उपचार चल रहा था लेकिन इसी बीच उसने दम तोड़ दिया। बंगाणा थाना प्रभारी कमल नयन शर्मा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अरुण कुमार, मनजीत सिंह और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों घुघन गांव के रहने वाले हैं।