हमीरपुर स्थानीय बस अड्डा पर बस में सीट को लेकर एक व्यक्ति ने दो युवकों के सिर पर बोतल मार दी। इससे दोनों युवक घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के पश्चात मामला दर्ज कर लिया है तथा छानबीन की जा रही है। दोनों युवकों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार कपूर सिंह निवासी दरकोटी, जवाली रविवार को निजी बस में भाई संजय कुमार के साथ शिमला जा रहा था। बस कुछ देर के लिए हमीरपुर बस अड्डे पर रुकी।
बस चलने लगी तो एक व्यक्ति मुकेश कुमार निवासी पनसाई बस में चढ़ा। सीट को लेकर विवाद हो गया। मुकेश के हाथ में बोतल थी। विवाद के दौरान मुकेश ने बोतल कपूर के सिर पर मार दी।
संजय बचाने लगा तो आरोपी ने बोतल संजय के माथे पर भी मार दी। इससे दोनों लहूलुहान हो गए। आरोपी मौके से भाग गया। घायल युवकों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने नशा भी किया हुआ था।
दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। हमीरपुर थाना प्रभारी शेर सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।