हिमाचल के सिरमौर की एक महिला को हरियाणा में बेचने के मामले से हड़कंप मच गया है। जबरन शादी करवाकर महिला का रेप भी किया गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते 14 जून को उसकी पहचान की महिला सरोज कालाअंब में उसकी रिश्तेदारी में समारोह होने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गई।
दिल्ली गेट पर एक और औरत मिली, जिसे सरोज ने अपनी सहेली बताया। कालाअंब पहुंचने पर अशोक नाम का एक व्यक्ति मिला, जिसे सरोज की सहेली का भाई बताया गया। ये सभी कालाअंब से एक आल्टो कार में उसे संढौरा ले गए, जहां जान से मारने की धमकी देकर सोनू नाम के युवक से मंदिर में शादी करवा दी।
शादी के बाद उसे हरियाणा के मुलाना ले जाया गया, जहां सोनू और उसके दोस्त ने दुराचार किया। किसी तरह वह वहां से भाग निकली लेकिन तीसरे दिन आरोपी हरियाणा की मुलाना पुलिस को लेकर आ धमके। यहां से उसे मुलाना ले गए, जहां पुलिस ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिसवालों पर भी लगे गंभीर आरोप, दो गिरफ्तार
आरोप है कि वहां पर अशोक ने पुलिस वालों को पैसे भी दिए। मुलाना पुलिस ने अशोक से मिलकर सरोज से 10,000 व उसकी सहेली से 50,000 रुपये लिए। इसके अलावा 48,000 रुपये अलग से लिए गए।
पीड़िता का कहना है कि 16000 रुपये चुकाने के लिए उसे अपनी मां और भाभी का सामान तक गिरवी रखना पड़ा। अशोक उसके घर से टीवी, डिश व सोने की बालियां और अन्य सामान उठाकर ले गया है।
पीड़िता का आरोप है कि उसे बेचने में सरोज, उसकी सहेली और अशोक का हाथ है। एसपी सौम्या सांबशिवन ने मामले की पुष्टि की है। सौम्या ने बताया कि सरोज और अशोक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 जुलाई तक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 366, 370, 370ए, 377, 376, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है।