हिमाचल के जिला ऊना के वनगढ़ स्थित बाबा गामेशाह डेरा में चल रहे गद्दी विवाद के बीच बुधवार को दो गाड़ियों से हथियार बरामद होने से हड़कंप मच गया। विवाद के कारण पहले ही पूरे क्षेत्र में पुलिस निगरानी रखे हुए है।
विज्ञापन
बुधवार को डेरे में उस समय बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ जब पुलिस ने डेरे के समर्थकों की दो गाड़ियों से तेजधार हथियार बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने 9 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है जो पंजाब के होशियारपुर एवं नवांशहर के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वनगढ़ स्थित डेरा गामेशाह में दो गुटों के बीच गद्दी को लेकर विवाद चल रहा था। इस कारण पंजाब से भारी संख्या में समर्थक वनगढ़ पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने मामले पर पूरी सतर्कता से नजर बनाए हुए है।
जांच के दौरान दो गाड़ियों से गंडासे, तलवारें, डंडे सहित अन्य हथियार बरामद किए।
- फोटो : अमर उजाला
इसी कड़ी में पुलिस ने बुधवार को डेरा में मौजूद समर्थकों के वाहनों की चेकिंग की। जांच के दौरान दो गाड़ियों से गंडासे, तलवारें, डंडे सहित अन्य हथियार बरामद किए।
तेजधार हथियार रखने के आरोप में जसवीर सिंह, पलविंद्र सिंह, अमनदीप सिंह, हरजिंद्र सिंह, गुरजिंद्र सिंह, सतीश कुमार, मंदीप, अमनदीप व हरप्रीत सभी निवासी पंजाब को हिरासत में लिया है।
एएसपी मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गाड़ियों में हथियार बरामद हुए हैं। इस कारण नौ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है।