बद्दी के एक निजी चिकित्सालय में पैसे लेकर भ्रूण की जांच का मामला सामने आया है। चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक पर आरोप हैं कि उसने भ्रूण की जांच कराने के लिए 25 हजार की रकम ली। ऐन वक्त पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मार कर उसे रंगे हाथ दबोचा।
इस दौरान भ्रूण जांच कर रही महिला चिकित्सक ने खूब हंगामा मचाया। आरोप है कि कपड़े फाड़कर उसने मौके पर मौजूद जिंद के डिप्टी सीएम के सामने हंगामा कर दिया। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग को इस बारे शिकायत मिली थी।
जिंद के डिप्टी सीएमओ को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा गया। डिप्टी सीएमओ ने उपायुक्त सोलन, एसपी बद्दी, एसडीएम नालागढ़ तथा बीएमओ नालागढ़ से संपर्क कर उनसे यहां पर छापा मारने की मंजूरी ली।
25 हजार में होता था सौदा- जिंद के डिप्टी सीएमओ डा. सतीश सुलेख, नर्सिंग आफिसर ऊषा जताना, कर्मी नरेद्र अत्री की टीम ने यहां पर सोमवार को जाल बिछाया। ऊषा जताना यहां पर ग्राहक बन कर गई। वह अपने साथ एक गर्भवती महिला को ले गई। उन्होंने चिकित्सालय के रिसेप्शन पर बैठे कर्मचारी से इस बारे में बातचीत की।
जिस पर कर्मचारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि 11 बजे उन्हें 25 हजार रुपये जमा कराने होंगे। ऊषा जताना ने 25 हजार रुपये जमा करा दिए। इस बीच जैसे ही चिकित्सक उसकी जांच करने लगी। तो डिप्टी सीएम सतीश कुमार मौके पर पहुंच गए।
बचाने के लिए राजनेताओं का दवाब- मौके पर महिला चिकित्सक भ्रूण की जांच कर रही थी। अधिकारियों के वहां पहुंचते ही उसके हाथ पांव फूल गए। इस दौरान नेताओं का दबाव भी बनाया गया। मौके पर मौजूद डिप्टी सीएमओ ने यह भी बताया कि महिला चिकित्सक ने अपने कपड़े फाड़ लिए।
डिप्टी सीएमओ के साथ पुलिस टीम भी मौजूद थी। वहीं एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।