हिमाचल के चंबा में सरकारी स्कूल की छात्राओं को डराने धमकाने और उनका रेप करने के लिए आरोपी शिक्षक चार खास तरह के तरीके अपना रहा था। खुद छात्राओं ने इस बात का खुलासा किया है। इन्हें जानने के बाद मामला और संगीन बन गया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक स्कूल की छात्राओं से दुष्कर्म के मामले में घिरे जेबीटी अध्यापक के संबंध में कई बड़े खुलासे हुए हैं।
जेबीटी शिक्षक स्कूल में छात्राओं को नशे की दवाएं खिलाता था। वह अपने साथ हमेशा तंत्रमंत्र की सामग्री रखता था और छात्राओं से घिनौनी हरकत को अंजाम देने के बाद उनके गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी देता था। नशीली दवाएं खिलाकर, तंत्रमंत्र या चाकू से डराकर यह मनमानी कर रहा था।
कैमरे के जरिए भी डराई छात्राएं
नशीली दवाएं, तंत्रमंत्र या चाकू ही नहीं बल्कि इसका डराने का चौथ तरीका कैमरा भी था। आरोपी शिक्षक ने छात्राओं को स्कूल में कैमरा छिपाने की भी बात कही थी जिसमें वह सारी रिकॉर्डिंग रखने की बात कहता रहा है। हालांकि पुलिस को छानबीन की दौरान अभी तक ऐसी कोई भी रिकॉर्डिंग बरामद नहीं हुई है।
मंगलवार को सरकारी स्कूल पहुंची पुलिस के समक्ष मुख्याध्यापक चमन सिंह व अन्य स्टाफ ने ऐसे कई खुलासे किए हैं जिसमें शिक्षक की हरकतें खौफनाक लगती हैं। चमन सिंह ने बताया कि शिक्षक हमेशा कुछ दवाएं और धूल अपने साथ रखता था, लेकिन बच्चे डर की वजह से यह बात घर वालों को भी नहीं बता पाए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षकों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
साथी शिक्षक ने दबाया था पूरा मामला, गिरफ्तार
वहीं, स्कूल में दो छात्राओं से दुराचार के मामले में पुलिस ने आरोपी जेबीटी शिक्षक का साथ देने वाले तत्कालीन कार्यवाहक सेंट्रल हेड टीचर (सीएचटी) को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन पर मामले को दबाने और गैर कानूनी ढंग से समझौता करवाने का आरोप है। पुलिस ने कार्यवाहक सीएचटी सरदार सिंह के खिलाफ 21 (2) पोक्सो एक्ट पर भादंसं की धारा 119 व 202 के तहत मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि बीते तीन अगस्त को पहली मर्तबा यह मामला सामने आया था। चार अगस्त को सरदार सिंह ने मामले में समझौता करवा दिया। लेकिन इस समझौते की जानकारी न तो अभिभावकों को दी गई न ही विभाग के आला अधिकारियों को सूचित किया गया। लिहाजा, शिक्षा विभाग अलग से भी इस मामले की जांच कर रहा है।
डीएसपी डलहौजी संतोष शर्मा ने सरदार सिंह को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सरदार सिंह पर दुराचार के आरोपी जेबीटी का साथ देने और मामले को दबाने का आरोप है। मामले की तफतीश जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। बता दें कि पीड़ित छात्राओं ने पहले पुलिस और बाद में न्यायालय के समक्ष उनके साथ हुई दरिंदगी का खुलासा किया था।