हिमाचल के ऊना में छीनाझपटी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शातिरों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। मंगलवार को दिनदहाड़े एचआरटीसी वर्कशॉप के पास एक महिला के साथ छीनाझपटी का मामला सामने आया है।
बाइक पर सवार होकर आए शातिर महिला का पर्स छीनकर भाग गए। यही नहीं, शातिरों ने महिला की बेटी का मंगलसूत्र भी छीनने का प्रयास किया। लेकिन, शातिर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
दिनदहाड़े छीनाझपटी की वारदात से लोगों में दहशत का मौहाल पैदा हो गया है। पड़ोसी राज्य पंजाब के नंगल में लूटपाट की घटनाओं के बाद ऊना में बाइकर्स गैंग ने अपने पैर प्रसार लिए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद वार्ड एक निवासी महिला शारदा देवी अपनी बेटी के साथ दवा लेने के बाद पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान एचआरटीसी वर्कशॉप के पास पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार चार युवक आए और शारदा देवी का पर्स छीनकर ले गए।
चोरों ने उनकी बेटी के गले से मंगलसूत्र भी छीनने का प्रयास किया। लेकिन शोर मचाने के चलते चारों शातिर मौके से फरार हो गए। महिला के पर्स में लगभग तीन हजार रुपये की नकदी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
उधर एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की शिकायत मिली है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में की जांच शुरू कर दी गई है। उधर, घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी सतीश कुमार ने कहा कि जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।