हिमाचल के हमीरपुर पुलिस थाना सदर के तहत बाईपास स्थित एक शॉपिंग मॉल से लाखों रुपये पर हाथ साफ करने वाला आरोपी इसी मॉल का सेल्समेन निकला है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी सेल्समैन को चोरी किए गए रुपयों सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए 1,86,750 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि रविवार रात को इस शॉपिंग मॉल के ताले तोड़कर आरोपी ने काउंटर में रखी नकदी पर हाथ साफ कर लिए थे। मॉल प्रबंधक को चोरी का पता चलने के बाद उसने पुलिस थाना सदर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्जकर मौके पर जाकर छानबीन की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने व पूछताछ में आरोपी सेल्समेन पकड़ा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी का कहना है कि आरोपी को चोरी की गई राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।