हिमाचल के हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर में कर्फ्यू के दौरान चोरी-छिपे ऊंची दरों पर शराब की बिक्री का खेल जारी है। बड़ाग्रां पंचायत में खुले ठेके में चोरी-छिपे शराब बेची जा रही थी। इसके चलते सोमवार देर रात को ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। इसकी सूचना दियोटसिद्ध पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ठेके को बंद करवा दिया। कर्फ्यू के दौरान ग्राम पंचायत बड़ाग्रां में खुले शराब के ठेके में कई दिनों से शराब चोरी-छिपे बेची जा रही थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में ठेके पर चोरी-छिपे शराब बेचकर चांदी कूटी जा रही है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों ने सोमवार देर रात को ठेके के सेल्समैन और एक अन्य व्यक्ति को ठेके के अंदर बंद कर दिया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने दियोटसिद्ध पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सेल्समैन के खिलाफ मामला दर्ज कर ठेके को बंद करवा दिया। पुलिस ने ठेके से शराब बेचने के मामले में सेल्समैन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इससे पहले उपमंडल भोरंज के अंतर्गत खतरवाड़ और बडैहर शराब ठेके पर भी सरेआम शराब की बिक्री पर पुलिस और आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की थी। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने बड़ाग्रां में शराब ठेके के सेल्समैन के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम और भादंसं की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा इस मामले की छानबीन की जा रही है। सहायक आबकारी एवं राज्य कर आयुक्त चेतराम ठाकुर ने कहा कि बड़ाग्रां शराब ठेके के स्टॉक को सूचीबद्ध करने के बाद शराब ठेके को बंद करवा दिया है। इसकी रिपोर्ट बनाकर मंडी स्थित संयुक्त आयुक्त के पास भेजी जाएगी।