पंजाब विश्वविद्यालय के एक छात्र को पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान दीपक सूद निवासी शिमला के रूप में हुई है। आरोपी छात्र शिमला का रहने वाला है और पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। वह हमीरपुर की रहने वाली नाबालिग छात्रा को अकसर तंग करता था।
छात्रा का पीछा करते हुए वह हमीरपुर पहुंच गया। वीरवार को पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी युवक को हमीरपुर में धर दबोचा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि पीड़ित छात्रा पहले शिमला में पढ़ती थी। शिमला में पढ़ाई के दौरान वह आरोपी युवक के संपर्क में आई। जिसके बाद दीपक ने उसे तंग करना शुरू कर दिया।
आरोपी युवक वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है और लड़की की चक्कर में वीरवार को हमीरपुर पहुंच गया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर केस दर्ज किया। उधर, एडिशनल एसपी हमीरपुर डॉ. शिव कुमार शर्मा ने कहा कि शिमला के रहने वाले दीपक सूद को नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के जुर्म में गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।