तांबे से भरा ट्रक लूटने के लिए चार बदमाशों ने पहले ट्रक चालक को मौत के घाट उतार फिर उसकी लाश नदी में फेंक दी। इसके बाद लाखों का तांबा लूटकर फरार हो गए। नालागढ़ की फैक्टरी से तांबा ले जा रहे ट्रक में हुई लूट की पूरी गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार चालक की हत्या की गई है।
जैसे ही ट्रक नालागढ़ स्थित फैक्टरी से लोड हुआ, तो शिमला के तारा चंद, स्वारघाट के सुनील, पंजाब के गुरदासपुर निवासी पलंविंद्र व बद्दी के जयकिशन ने ट्रक का पीछा किया। जय किशन का खाली ट्रक भी साथ ले गए।
शाहबाद के समीप जब बिहार निवासी चालक मिथलेश वहां खाना खाने लगा, तो इन लोगों ने पहले चालक को हत्या कर शव को लोहे के जैक से बांधकर साथ लगती नदी में फेंक दिया।
रंगे हाथ पकड़े गए थे आरोपी
यूपी पुलिस से बद्दी पुलिस की ट्रांजिट रिमांड में आए चारों आरोपियों ने हिमाचल पुलिस के सामने यह सनसनीखेज खुलासा किया है। शातिर चोरी के माल को दूसरे ट्रक में पलटी करके यूपी की ओर ले जा रहे थे। जहां शामली जिले की झिंझाना पुलिस ने चालक और परिचालक समेत ट्रक को दबोच लिया।
ट्रक को तारा चंद चला रहा था और पलविद्र उसके साथ था। नालागढ़ पुलिस ने इन दोनों को यहां ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया। इन लोगों ने हत्या की बात स्वीकार की है तथा इस मामले में बद्दी के जय किशन व स्वारघाट के सुनील के शामिल होने की बात कही। जिस पर पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया है।
कंपनी से 1 जनवरी को रवाना हुआ था ट्रक
एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि 1 जनवरी को नालागढ़ की आरसी कापर कंपनी से एक ट्रक दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इसमें 19 टन 458 किलोग्राम कापर वायर थी। इसकी कीमत 67 लाख रुपये थी।
आरोपियों ने शव को हरियाणा के शाहबाद के समीप नदी में फेंककर ट्रक को हिसार के समीप छोड़ दिया। मृतक चालक मिथलेश पुत्र भगवान यादव पोखरा पीओ महाराजा गंज जिला शिवान बिहार राज्य का रहने वाला था।
21 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर आरोपी
एसपी ने बताया कि पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने जिस क्रेन से वायर दूसरे ट्रक में पलटी व ट्रक की नंबर प्लेट को बदला। इन सबसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें 21 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है।