पत्नी की आत्महत्या के मामले में सोलन के बाल विकास प्राधिकरण अधिकारी
हुक्म चंद फंसते नजर आ रहे हैं। इनके खिलाफ पुलिस ने मुकदमा कायम कर दिया
है। इनकी पत्नी नीरज शर्मा ने बिजली के तार से फंदा लगाकर जान दे दी थी।
महिला के भाई राकेश शर्मा ने आत्महत्या के लिए हुक्मचंद को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया और संगीन आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर थाना सदर में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश शर्मा ने कहा कि हुक्म शर्मा के साथ उसकी बहन की शादी साल 1988 में हुई थी। इसके बाद से वह मानसिक और शारीरिक तौर पर तंग करता रहा है। इन्हीं हरकतों से तंग आकर उसने जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक नीरज शर्मा ने घर की चौथी मंजिल के बरामदे में फंदा लगाकर जान दी। हुक्म चंद सीडीपीओ के पद पर सोलन में तैनात हैं। राकेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची समझी साजिश के तहत हत्या की है। डीएसपी सिटी बलबीर जसवाल ने इस बात की पुष्टि की है।