गौतम कॉलेज हमीरपुर में रैगिंग के कारण इंजीनियरिंग छात्र की मौत मामले में आरोपी बनाए गए प्रिंसिपल भूमिगत हो गए हैं। हमीरपुर पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
रैगिंग मामले में पुलिस ने कॉलेज प्रिंसिपल, प्रबंधन और दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रविवार को आरोपियों की तलाश के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने कॉलेज में भी दबिश दी। बताया जा रहा है कि कॉलेज प्रिंसिपल कहीं चले गए हैं।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद शनिवार को ही कॉलेज जाकर प्रिंसिपल से मामले को लेकर पूछताछ की थी। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस एफआईआर में नामजद दो युवकों की भी तलाश कर रही है। एक युवक अमित (मृतक) का क्लासमेट है।
युवक के घर सरकाघाट में बताए जा रहे हैं। युवक हमीरपुर में ही किसी रिश्तेदार के पास रहता है। दूसरे युवक ऋषि गौतम का अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने वार्ड नंबर 9 गौड़ा में भी लोगों से पूछताछ की, लेकिन ऋषि गौतम के बारे में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शमशेर सिंह ने कहा कि पुलिस ने युवकों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी। अभी तक कोई भी पकड़ में नहीं आया है। पुलिस ने कॉलेज में भी दबिश दी। प्रिंसिपल शहर से बाहर गए हुए बताए जा रहे हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।
धमकी का राज नहीं खोल पाई पुलिस
गौतम कॉलेज के छात्र के आत्महत्या मामले की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस लगी हुई है। अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि पीडि़त युवक को धमकी भरे फोन क्यों आ रहे थे। युवक का क्लासमेट ही उसे रात को फोन पर धमकी क्यों दे रहा था।
धमकी देने वाले युवक के साथ दूसरा कौन है, पुलिस के लिए यह पहेली अभी तक अनसुलझी है। पुलिस ने रूममेट के बयान भी दर्ज किए हैं। रूममेट ने भी धमकी देने के कारणों को स्पष्ट नहीं किया है। फिलहाल पुलिस की छानबीन एफआईआर में नामजद क्लासमेट छात्र से पूछताछ पर अटकी हुई है जबकि पुलिस को अभी तक दूसरे युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस यह भी मान कर चल रही है कि हो सकता है कि फोन करने वाले दूसरे युवक ने अपना फर्जी नाम बताया हो। पुलिस शिकायत में दिए नंबरों के आधार पर दूसरे युवक की तलाश कर रही है।
रविवार को छुट्टी होने के कारण पुलिस को मोबाइल कंपनियों से भी मदद नहीं मिल पाई। पुलिस के अनुसार युवक की कक्षा के कुछ छात्रों से बात की तो उन्होंने बताया कि अमित कक्षा में कम आता था। किसी से ज्यादा बात भी नहीं करता था।