किन्नौर जिले के पूह क्षेत्र में पानी की फर्जी स्कीम बनाने की शिकायत पर मौके का जायजा लेने गए एडीएम किन्नौर मस्त राम भारद्वाज की महिला प्रधान और पंचों ने पिटाई कर दी।
भारद्वाज एडीएम के साथ डेजल्ट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (डीडीपी) के डायरेक्टर भी हैं। एडीएम की शिकायत पर पुलिस ने नाको की प्रधान बिमला देवी समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
स्कीम में मिलीं अनियमितताएं
घ्ाटना की पुष्टि डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और हाथापाई का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि किन्नौर के नाको से दो घंटे पैदल चलकर एडीएम मलिन नाला के पास पानी की स्कीम का जायजा लेने के लिए तीन जून को गए थे।
उन्होंने स्कीम में अनियमितताएं पाईं, जिसमें फर्जी तरीके से स्कीम बनाने का मामला सामने आया।
एडीएम के बाल खींचे
मौके पर पानी का स्रोत भी उपलब्ध नहीं था, लेकिन योजना बना दी गई थी।
एडीएम के गांव में पहुंचने पर प्रधान, पंचों ने न केवल एडीएम के बाल खींचे बल्कि उनके साथ मारपीट भी कर दी।
यही नहीं, आईपीएच के जेई और पटवारी को भी धमकियां दी गई हैं।
एचएएस एसोसिएशन ने की आपात बैठक
एडीएम से मारपीट की घटना पर हिमाचल प्रशासनिक सेवा ऑफिसर एसोसिएशन भड़क उठी है। एसोसिएशन ने शुक्रवार को सचिवालय में आपात बैठक कर प्रधान और पंचों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उपायुक्त से तत्काल सरकार को रिपोर्ट भेजने की मांग भी की है। प्रेस सचिव देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि एसोसिएशन के पदाधिकारी जल्द ही मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिलकर इस पूरे मामले की जानकारी देंगे।