ऑनलाइन धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ रहे हैं। धोखेबाज तरह-तरह के पैंतरे अपनाकर लोगों की जमापूंजी लूट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बीबीएन में सामने आया है। एक शख्स को कंपनी से मंगवाए जूते वापस करने की एवज में एक लाख की चपत लग गई। इसके नंबर पर कस्टमर केयर से आए सात फोन कॉल के बाद जब वापस फोन किया तो कहा गया कि इसे कस्टमर केयर को जीएसटी देना पड़ेगा।
इसके लिए यह उसके नंबर पर मेसेज भेज रहा है, जिसे वापस भेज दो। यूपीआई पिन डालकर लिंक वापस क्या भेजा कि इसके खाते से चार बार पैसे निकालते हुए एक लाख रुपये उड़ गए। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मनोहर चंद पुत्र मोहन लाल निवासी गांव रोहिंडी तहसील परबतसर जिला नागौर राजस्थान ने बताया कि उन्होंने एक कंपनी से ऑनलाइन जूते मंगवाए थे।
ठीक नहीं आने पर वापस कर दिए और पैसे वापस लेने के लिए कंपनी के कस्टमर केयर से बात की। वहां से कहा गया कि पैसे वापस कर देंगे। इसके फोन पर एक नंबर से सात बार मिस्ड कॉल आईं, लेकिन फोन चार्ज पर होने से वह कॉल रिसीव नहीं कर पाए। बाद में वापस उस नंबर पर फोन किया। सामने वाले ने कहा कि वह कस्टमर केयर से बोल रहा है और उस रिफंड के लिए मेसेज कर रहा है।
मेसेज वापस करते ही उसके खाते से 25-25 हजार रुपये चार बार निकाले गए और उसे एक लाख खाते से उड़ गए। उधर, एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस बार-बार लोगों से आह्वान कर रही है कि किसी भी अंजान शख्स को अपनी बैंक डिटेल, सीवीवी, पिन या अन्य जानकारी साझा न करें।