कोरोना काल में भी कुल्लू पुलिस नशे के खिलाफ सतर्क है। इसके लिए नाकाबंदी और गश्त का दौर लगातार जारी है। पुलिस ने पतलीकूहल थाना के तहत एक युवक को 4.100 किलो चरस के साथ दबोचा है। आरोपी नशे की खेप को पिट्ठूू बैग में लेकर जा रहा था। जैसे ही उसने सामने से पुलिस की गाड़ी आती हुई देखी तो उसने बैग पहाड़ी से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात को पुलिस की एक टीम गश्त पर थी। तभी फागली ढोग नामक जगह के पास विनय कुमार (29), पुत्र दिले राम निवासी गांव नाहीं, डाकघर गुशैणी, तहसील बंजार, जिला कुल्लू फोजल सड़क से डोभी की ओर पैदल आ रहा था। उसने पीठ पर एक एक पिट्ठू बैग उठाया था। इस दौरान जब उसने पुलिस वाहन को डोभी की तरफ से आते देखा तो युवक ने अपने बैग को पहाड़ी की ओर फेंक दिया।
जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि बैग में चरस की खेप है। बैग की तलाशी करने पर इसमें चार किलो 100 ग्राम चरस बरामद हुई। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने की। कहा कि पुलिस ने नशे की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।