कांग्रेस नेता की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अब गैर इरादतन हत्या का मामला बालुगंज थाने में दर्ज किया है। करीब ढाई माह पहले कांग्रेस नेता की तारादेवी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। महेश कांग्रेस पार्टी में सचिव पद पर तैनात था। बालुगंज पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रविवार शाम महेश की पत्नी ने बालुगंज थाने आकर पति के मौत की आशंका को लेकर मामला दर्ज करवाया। गौरतलब है कि 11 जून को तारादेवी के पास हुए सड़क हादसे में प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश शर्मा (47) की मौत हो गई थी। महेश उस रात शिमला की तरफ कार से आ रहे थे तभी तारादेवी के पास सोलन की तरफ जा रही सोलन डिपो की एचआरटीसी की बस से उनकी कार टकरा गई थी।
हादसे में महेश बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इन्हें तुरंत आईजीएमसी लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेश शर्मा मूल रूप से जुन्गा के भभोग गांव के रहने वाले थे। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव की पत्नी की शिकायत पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्जकर लिया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।