जिला मुख्यालय में नौंवी कक्षा के विद्यार्थी को डरा धमका कर अगवा और मारपीट करने का मामला सामने आया है। अगवा नाबालिग को पुलिस की मदद से 24 घंटों के बाद छुड़ाया गया। जिला अस्पताल में बुधवार रात आठ बजे अगवा छात्र का मेडिकल किया गया है।
कुल्लू पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को छात्र को बंजार में एक व्यक्ति ने स्कूल से दिनदहाड़े अगवा कर लिया। आरोपी स्कूल से अगवा कर उसके मामा के घर ले गया, जबकि उसका मामा घर पर नहीं था।
मामले की शिकायत लड़के के पिता खूब राम निवासी गांव बालीचौकी ने कुल्लू पुलिस थाने में की है। बड़ी मुश्किल के बाद उसे परिजनों ने ढूंढ निकाला। लड़के की माता ने कहा कि उनको स्कूल के प्रिंसिपल ने छात्र के अपहरण की फोन पर जानकारी दी।
स्कूल से नाबालिग छात्र के दिनदहाड़े अगवा होने के पीछे स्कूल की भी लापरवाही सामने आ रही है। घटना के बाद छात्र बुरी तरह से सहमा हुआ है और स्कूल जाने से ही मना कर रहा है।
दूसरी ओर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं। एएसपी राजकुमार चंदेल ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मामला गंभीर है। ऐसे में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।