शाहतलाई (बिलासपुर)। तलाई थाने के तहत एक गांव में एक नाबालिग से दुराचार का मामला सामने आया है। दुराचार के बाद आरोपी बेहोश नाबालिग को यह बोलकर घर छोड़ गया कि वह झूला झूलते वक्त बेहोश हो गई है। एक घंटे बाद नाबालिग के होश आने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी मौके से फरार हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 वर्षीय मासूम घर से कुछ दूर पर सावन का महीना होने के चलते झूला झूल रही थी। इसी दौरान उसी गांव का एक वाला जोगिंद्र (35) वहां आ धमका और मासूम को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने मासूम से दुराचार किया।
बच्ची बेहोश हो गई तो वह उसे यह कहकर घर छोड़ गया कि वह झूला झूलते वक्त बेहोश हुई है। परिजनों ने मासूम की हालत देखी तो उन्हें यह समझने में देरी नहीं लगी कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। परिजनों ने बताया कि मासूम को एक घंटे बाद होश आया तो उसने आपबीती परिजनों को बताई।
परिजनों ने तलाई पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मासूम को चिकित्सकीय जांच के लिए भेज दिया है। डीएसपी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मासूम के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। उसका मेडिकल करवाया जा रहा है।