सोलन पुलिस ने शनिवार को दिन भर मानव भारती विवि में डेरा डाले रखा। विशेष जांच दल के मुखिया पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव समेत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा, साइबर एक्सपर्ट की टीम दिन भर साक्ष्यों को खंगालने में जुटी रही। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि जब्त रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। जब्त कंप्यूटरों व उनकी हार्ड डिस्क की जांच के लिए साइबर टीम की मदद ली गई है। उन्होंने बताया कि राजकुमार राणा को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार करेगी।
बिना मान्यता चलते रहे एमटेक और आयुर्वेदा के कोर्स
मानव भारती विवि में पुलिस के हाथ फर्जीवाड़े के कुछ और सुबूत लगे हैं। इनमें एमटेक व आयुर्वेदा की डिग्री शामिल है। इन दोनों डिग्रियों को करवाने के लिए मानव भारती विवि अधिकृत नहीं था। इसके अलावा कुछ ऐसे कोर्स भी हैं जिनकी मान्यता विवि प्रबंधन के पास वर्ष 2012 तक ही थी। लेकिन उसके बाद भी इन कोर्सों को संचालित किया जाता रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस बरामद साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है। जो भी सुबूत मिल रहे हैं, उन्हें एकत्र किया जा रहा है।