जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी के माशना गांव में लोहड़ी की रात को एक युवक की सिर पर पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माशना गांव के निवासी दीपचंद (38) के रूप में हुई है।
वारदात को अंजाम देकर फरार आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस के अनुसार दीपचंद के साथ गांव के ही एक अन्य व्यक्ति प्रताप चंद से कहासुनी हो गई। दीपचंद की बहन ने भी बहस को सुना।
बाद में दीपचंद की बहन जैसे ही घर से बाहर निकली तो दीपचंद लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ था। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया पत्थर से वार कर हत्या को अंजाम दिया गया है।