फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस से पुलिस ने जब्त किए ढाई करोड़ के पुराने नोट, बदले में मिलते थे इतने रुपये

Tue, 15 Jan 2019 08:44 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क/अमर उजाला, काशीपुर
विज्ञापन
पकड़े गए ढाई करोड़ के पुराने नोट के साथ पुलिस
विज्ञापन

उत्तराखंड के काशीपुर में पुलिस ने कुंडेश्वरी में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में छापा मारकर वहां से एक हजार और पांच सौ के ढाई करोड़ मूल्य के पुराने नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हो गए। एसएसपी ने चलन से बाहर हो चुकी मुद्रा बरामद करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। 

विज्ञापन


सोमवार को पुलिस को आईएमएम रोड स्थित प्रॉपर्टी डीलर कुंवर सिंह बिष्ट के कार्यालय में बड़ी संख्या में अप्रचलित करंसी होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाल चंचल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में छापा मारकर वहां से एक हजार और पांच सौ के पुराने नोटों का जखीरा बरामद किया। गिनती में ये नोट ढाई करोड़ रुपये निकले।

पुलिस ने कुंडेश्वरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर कुंवर बिष्ट और कैलाश गेट ऋषिकेश निवासी बृजेश डिमरी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके साथी ग्राम गुलजारपुर निवासी गुरुप्रेम सिंह और फौजा कॉलोनी कुंडेश्वरी निवासी रंजीत सिंह फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक कार (यूपी 16 एल 3658) भी कब्जे में ली है। मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 420/511, 102 व 5/7 एसबीएन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन

पुलिस टीम में ये शामिल रहे 

एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अप्रचलित करंसी एकत्र करने का सूत्रधार फरार गुरुप्रेम सिंह है। प्रारंभिक जांच में बरामद करंसी के मुरादाबाद क्षेत्र से एकत्र किए जाने की बात सामने आई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा था कि बरामद करंसी किस प्रयोज्य से एकत्र की गई थी।

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि करंसी लाने वालों ने उन्हें एक करोड़ के नोटों के बदले 10 लाख रुपये दिए जाने की जानकारी दी थी। इस मुद्रा को कहां से बदला जाना था, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं बताया गया था। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी गुरुप्रेम के पकड़ में आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। 

पुलिस टीम में कोतवाल चंचल शर्मा, एसएसआई बीएस बिष्ट, दिनेश फर्त्याल, खुशवंत सिंह, सुनील बिष्ट, हेमचंद्र हरड़िया, प्रकाश चंद्र, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, पुष्पेंद्र रावत, देवेंद्र नेगी, सुरेंद्र सिंह, दिनेश, सतीश भट्ट और दलीप बोनाल शामिल रहे। 

काशीपुर में पहले भी दो बार पकड़ी जा चुकी है पुराने नोटों की खेप

अप्रचलित मुद्रा पकड़े जाने की सूचना पर खुफिया विभाग के अधिकारियों ने पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की। कुंडेश्वरी में ढाई करोड़ की राशि के अप्रचलित नोट पकड़े जाने की सूचना पर अभिसूचना इकाई, स्थानीय अभिसूचना इकाई और विशेष अभिसूचना इकाई के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथी से जरूरी जानकारी जुटाई। 

काशीपुर में दो बार पहले भी अप्रचलित नोटों की दो बड़ी खेपें पकड़ी जा चुकी हैं। पुलिस ने 18 मई 2017 को 23 लाख और 31 जुलाई 2017 को 79.45 लाख रुपये की अप्रचलित मुद्रा बरामद की थी। जिन लोगों के कब्जे से चलन से बाहर के नोट बरामद हुए थे, वे लोग इस रकम को बदलवाने के लिए एनआरआई की तलाश में थे। 

18 2017 मई को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पांच सौ और एक हजार के पुराने नोटों को बदलवाने के लिए एनआरआई की तलाश में हैं। पुलिस ने इस धंधे में लिप्त लोगों को दबोचने के लिए जाल बिछाया।
विज्ञापन

एसओजी टीम ने एनआरआई बनकर उक्त लोगों को पुराने नोट बदलने का झांसा देकर उन्हें गंगे बाबा रोड पर स्थित एक दुकान पर बुलाया। आरोपियों के वहां पहुंचने पर पुलिस ने दो लोगों को धर दबोचा।

पुलिस ने पकड़े गए बैलजूड़ी निवासी शहजाद और ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) निवासी शकील की निशानदेही पर 23 लाख के पुराने पांच सौ और एक हजार के नोट बरामद किए थे। उधर, पुलिस ने बीती 31 जुलाई 2017 को थाना आईटीआई ग्राम गिरधई निवासी जसविंदर सिंह उर्फ पप्पू, जसपुर खुर्द निवासी परमजीत सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया था।

तब पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कमीशन पर पुराने नोटों से नये नोट बदलवाने की बात कबूली थी। पुलिस ने जसविंदर के पास से 54 लाख और परमजीत के पास से 25 लाख 45 हजार के पुराने नोट बरामद किए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें