प्रदेश के ऊना जिले में स्थित एक नशा निवारण केंद्र में उपचाराधीन नशे के आदी 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ऊना के सीमावर्ती गांव गढ़शंकर (पंजाब) के रहने वाले 26 वर्षीय युवक को नशे की लत थी।
नशे की आदत को छुड़ाने के लिए परिजनों ने युवक को ऊना जिला के एक नशा निवारण केंद्र में उपचार के लिए भर्ती करवाया हुआ था। युवक दिसंबर माह से केंद्र में उपचाराधीन था। इसके अलावा युवक टीबी बीमारी की चपेट में भी था, जिसके चलते उसके फेफड़ों में इंफेक्शन हो गया था। शुक्रवार देर रात युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जिस पर पीड़ित को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। ऊना अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में
पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर परिजनों और नशा निवारण केंद्र संचालकों के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं। गौर हो कि ऊना जिले में पहले भी नशा कई युवाओं की जान लील चुका है।