हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की सैंज घाटी में पुलिस ने दुकानदार को 20 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। एसआईयू कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दुकान में छापेमारी की।
इससे पहले कि आरोपी इस खेप को ठिकाने लगाता, पुलिस ने इसे दबोच लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सैंज घाटी के मझाण क्षेत्र में दुकानदार नशे का कारोबार कर रहा है। पुलिस टीम ने कई दिनों तक इसकी गतिविधियों पर नजर रखी। शुक्रवार को पुलिस ने मझाण के बाहू में दुकान में दबिश दी।
इस दौरान दुकान में एक बोरी में 20 किलो चरस बरामद की गई। आरोपी दुकानदार चुन्नी लाल पुत्र काहन सिंह निवासी गांव और डाकघर मझाण, उपतहसील सैंज को गिरफ्तार किया। बाहू तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब तीन किलोमीटर सफर पैदल तय किया।
आरोपी से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी। पुलिस की इस कार्रवाई से चरस माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
एसआईयू कुल्लू के हेडकांस्टेबल विजय सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर चरस के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया। नशे के विरुद्घ कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
पर्यटन सीजन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पर्यटन सीजन से पहले पुलिस नशे के खिलाफ चौकस हो गई। सीजन शुरू होने से पहले कुल्लू पुलिस ने चरस की बड़ी खेप पकड़ी है। पर्यटन सीजन के दौरान चरस तस्करी के मामले सामने आते हैं।