जमीन बेचने के नाम पर एक महिला के साथ लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला शिमला के लोअर समिट्री संजौली की रहने वाली है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि उसी के एक परिचित व्यक्ति ने उससे कहा कि वह शोघी में रहने वाली एक महिला को जानता है। जिसे पैसों की बहुत जरूरत है।
पैसों के लिए वह अपनी जमीन का कुछ हिस्सा सस्ते दाम पर बेच देगी। उसने जमीन खरीदने के लिए हामी भर दी। महिला को विश्वास में लेने के लिए आरोपियों ने उसे शोघी में जमीन भी दिखा दी और सौदा आठ लाख रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि अग्रिम राशि के तौर पर उसने आरोपियों को 29 दिसंबर 2015 को तीन लाख रुपये दिए और बाकी पांच लाख जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद देने की बात हुई।
एडवांस लेने के काफी समय तक आरोपी उसके साथ टाल मटोल करते रहे। रजिस्ट्री के लिए आगे से आगे उसे टरकाते रहे। उसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके फोन सुनने बंद कर दिए और उसे नजर अंदाज करने लगे। इस पर उसे शक हुआ और उसने आनंदपुर पटवार सर्कल में जाकर आरोपियों की ओर से दिखाई गई जमीन की तहकीकात करवाई।
रिकार्ड देखकर पता चला कि यह सरकारी जमीन है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ थाना बालूगंज में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि मामले की हर पहलू पर जांच की जाएगी।