पुलिस ने सोलन जिले के बद्दी बैरियर पर निरीक्षण के दौरान सोने के आभूषणों की खेप बरामद की है। चूड़ियों और हारों की यह खेप बाहरी राज्य से बद्दी लाई जा रही थी। पुलिस ने बरामद सोने को आयकर एवं आबकारी विभाग के हवाले कर दिया है।
बरामद सोने के आभूषणों की कीमत 93 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें नौ हार और 88 चूड़ियां हैं। हालांकि, सोने के साथ पकड़े गए व्यापारी ने इसके पक्के बिल प्रस्तुत किए हैं। दस्तावेज दिखाने के बाद फिलहाल व्यापारी को छोड़ दिया गया है। डीएसपी राहुल शर्मा ने बताया कि पुलिस वाहनों की चैकिंग कर रही थी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने एक कार की जांच की तो पिछली सीट पर एक काले रंग का बैग मिला। बैग को खोला गया तो सोने के जेवर बरामद किए गए। निरीक्षण के दौरान वहां पर थाना प्रभारी बद्दी मस्त राम नायक और आईटीबीपी के जवान ड्यूटी पर थे।