मंडी जिला के सराज क्षेत्र के जरोल गांव में बल्ह क्षेत्र से सब्जी लेकर पहुंची एक जीप की चपेट में आने से एक 70 वर्षीय वृद्ध की जीप के नीचे आने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान पुलिस ने लजे राम निवासी घाटाधार जरोल के रूप में की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
थाना प्रभारी गोहर नवीन झालटा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जीप चालक राजीव कुमार निवासी बल्ह के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत केस दर्ज कर दिया है तथा छानबीन जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बल्ह क्षेत्र से सब्जी लेकर शनिवार दोपहर बाद एक जीप जरोल कस्बे में जब पहुंची तो जीप चालक राजीव कुमार इसे बैक कर रहा था।
इस दौरान पीछे खड़ा एक 70 वर्षीय वृद्ध लजे राम जीप की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने वृद्ध को सीएचसी जंजैहली पहुंचाया जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, उग्र परिजनों और लोगों ने जंजैहली सीएचसी के बाहर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों का आरोप था कि पुलिस ने जीप चालक को सरंक्षण दिया है।
एसपी मंडी मोहित चावला ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था को बनाए रखने की अपील की।