विजिलेंस नाहन ने आईपीएच के पांवटा डिविजन के अकाउंटेंट को देर शाम 10 हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी विजिलेंस आरपी जसवाल ने इसकी पुष्टि की है।
आईपीएच पांवटा में ठेकेदार सोमपाल सिंह ने विजिलेंस में शिकायत की थी कि विभाग का डिविजनल अकाउंटेंट दीपक राज उसकी ठेके की सिक्योरिटी एडजस्ट करने तथा अन्य कार्य करने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
विजिलेंस टीम ने पहले जाल बिछाया। वीरवार दोपहर बाद पांच बजे सोमपाल सिंह जैसे ही दीपक राज के केबिन में गया और उसे 10 हजार रुपये थमाने लगा, वैसे ही विजिलेंस ने उसे धर दबोचा। विजिलेंस ने उसे मौके से वाहन में डाल कर सभी दस्तावेजों को भी सील कर दिया है।
विजिलेंस के डीएसपी नाहन आरपी जसवाल ने बताया कि दीपक राज को 10 हजार रुपये के साथ मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की जाएगी।