हिमाचल के सोलन जिले के नालागढ़ में एक टेक्सटाइल उद्योग के खिलाफ बाहर से कामगार लाकर काम करवाने और सरकार व प्रशासन के नियम तोड़ने पर मामला दर्ज किया गया है। दभोटा चौकी के प्रभारी एसआई बाबूराम की अगुवाई वाली टीम ढाणा, भाटियां आदि की तरफ गश्त के लिए गई थी। ढाणा में पहुंचने पर सूचना मिली कि भाटियां स्थित एक टेक्सटाइल उद्योग में कामगार बाहर से आकर काम करते हैं और काम करने के उपरांत उद्योग से बाहर अपने घर व क्वार्टर चले जाते हैं।
जब पुलिस उद्योग में पहुंची तो कामगार जा चुके थे। लेकिन उद्योग में उन्हें एचआर प्रबंधक सुरेंद्र सिंह बिंद्रा निवासी गांव रूंदनघोड़ों डाकघर कुमारहट्टी मिले। पूछने पर उन्होंने बताया कि 14 मई को बबली देवी पत्नी बुलेट राम, सुमन देवी पत्नी संजय चौधरी, हरप्रीत कौर पत्नी बलजिंदर सिंह, पूनम देवी पत्नी लाल बिहारी, बिहारी पुत्र मंदिर कराहा निवासी गांव दभोटा, बृजेश पुत्र लल्लू राम निवासी नालागढ़ 12 मई को, चमन लाल पुत्र हरिराम निवासी दभोटा 9 मई को, दलीप सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी गांव दोराही लुधियाना सात मई से 10 मई तक, इंद्र सिंह पुत्र प्यारा सिंह निवासी गांव दत्तोवाल 9 मई से काम पर आ रहे हैं।
इसकी सूची एचआर प्रबंधक ने पुलिस को मुहैया करवाई है। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने कहा कि उद्योग के प्रबंधकों ने डीएम के कोरोना महामारी के लिए जारी आदेशों की अवहेलना की है, जिस पर कोविड-19 जैसी बीमारी फैलने का अंदेशा है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।