प्रदेश में लॉकडाउन और कर्फ्यू के बीच शिकारियों ने जंगलों का रुख कर लिया है। निरमंड विकास खंड के कुशवा और खरगा के बीच मावा खड्ड में शिकारियों ने भालू को मार दिया। इसकी सूचना मिलते ही ब्रो थाना से शनिवार शाम को पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
मावाखड्ड में पहुंचते ही अज्ञात लोगों ने टीम पर पर पथराव शुरू कर दिया। इससे पुलिस कर्मचारियों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस कर्मियों ने भागकर जान बचाई। अंधेरा होने के कारण भालू का शिकार करने वाले नहीं पकड़े जा सके हैं। बहरहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी आनी अनिल कुमार ने बताया कि रविवार को भालू का शव पोस्टमार्टम करवाया गया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस पर हुए हमले के बाद पूरे क्षेत्र में आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। डीएफओ लूहरी चंद्रभूषण शर्मा ने कहा कि संबंधित आरओ से उन्हें सूचना मिली थी कि मावाखड्ड में एक भालू मरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने विभागीय जांच शुरू कर दी है।