पत्नी, सास और साले से दुखी एचआरटीसी के नाहन डिपो में तैनात एक चालक ने रात्रि ठहराव के दौरान बस की छत से फंदा लगा लिया। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार शाम सात बजे चालक प्रकाश चंद (35) बस अड्डा नाहन से सवारियां लेकर कौलांवालाभूड़ गया था।
वहां सवारियां उतारने के बाद परिचालक के साथ एक ढाबे में खाना खाया। उसके बाद कंडक्टर अपने घर चला गया। चालक रात्रि ठहराव के लिए बस (एचपी18बी-0885) में सोने के लिए गया। सुबह जब स्थानीय लोग बस में चढ़े तो चालक को बस की छत से लटका पाया।
मामले की सूचना बस स्टैंड नाहन और पुलिस को दी गई। वीरवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक चालक प्रकाश चंद शंभुवाला इलाके का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चालक बस स्टैंड से सामान्य ढंग से कौलांवालाभूड़ के लिए बस ले गया था।