प्रदेश के पांवटा कॉलेज के पास सड़क किनारे जा रही एमए की एक छात्रा का बैग छीनकर बाइकर्स फरार हो गए। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज और कुछ नकदी थी।
इस दौरान जब युवती चिल्लाई तो बाइकर्स मुख्य मार्ग की ओर भाग गए। छात्रा ने डीएसपी पांवटा से इसकी शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पांवटा नगर परिषद की सूर्या कॉलोनी निवासी मोनिका तोमर पुत्री रामभज तोमर वीरवार को कॉलेज गई थी। एमए की छात्रा अपनी बड़ी बहन के कमीशन की परीक्षा के फार्म भरने दोपहर कॉलेज पहुंची थी।
करीब पौने दो बजे वह अकेले वापस घर की ओर आ रही थी। इस बीच ग्लोबल अकादमी स्कूल गेट के पास कॉलेज की ओर से दो बाइक सवार आए और छात्रा से बैग छीनकर फरार गए।
मोनिका ने बताया कि अचानक हुई वारदात से हतप्रभ है। उसने उससे आगे चल रहे छात्र-छात्राओं को चिल्लाकर युवाओं को पकड़ने के लिए कहा। एक छात्र ने भागते हुए बाइक का नंबर पढ़ लिया। बैग छीनने वाला युवक बाइक पर पिछली सीट पर बैठा था जिसने ओरेंज कलर की टी शर्ट पहनी थी।
बैग में बड़ी बहन के जरुरी दस्तावेज व कुछ नकदी भी थी। छपटमार बाइक सवार कॉलेज रोड की ओर से पांवटा-भागनी मुख्य मार्ग की ओर भाग खड़े हुए जहां से वह पांवटा या फिर बेहड़ेवाला की ओर भाग सकते हैं। छात्रों ने इसकी सूचना तुरंत परिजनों की दी।
उसके बाद बाइक का नंबर डीएसपी पांवटा व यातायात प्रभारी को दिया। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि सूचना मिलने पर बाइक नंबर को ट्रेस आउट किया जा रहा है। आसपास के कुछ व्यवसायिक स्थलों के सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले जा रहे है। उन्होंने कहा कि जल्द ही झपटमारों को दबोच लिया जाएगा।