पुलिस ने पंद्रह मील पुल के पास मंडी जिला के सचान निवासी एक युवक से एक किलो चरस बरामद की है। युवक ने चरस को एक बैग में छुपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात को पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम पंद्रह मील में गश्त पर थी। इस दौरान पंद्रह मील में वर्षाशालिका में समीप पुलिस ने शोनू राम निवासी सचान, तहसील पधर को तलाशी के लिए रोका।
इसने एक बैग डाला हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर जब तलाशी ली तो एक किलो 12 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने यह चरस कहां से लाई थी। इसे कहां पर बेचने की तैयारी थी।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू पुलिस ने वर्ष 2020 में 170 किलो चरस पकड़ी है। जो पिछले दस सालों में सबसे अधिक है। पुलिस का नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।