शिमला में 28 अप्रैल को चलती कार में युवती से दुष्कर्म मामले में राज्य महिला आयोग के बाद अब हरियाणा का महिला आयोग भी अपने स्तर पर जांच शुरू करेगा। हरियाणा आयोग इस मामले की जांच करेगा कि पीडि़त युवती किसी दबाव में तो नहीं है।
उसे डराया-धमकाया तो नहीं जा रहा है। युवती क्यों अपने बयान पर कायम नहीं रह पा रही है। आयोग अब इस पूरे मामले को लेकर शिमला पुलिस से रिपोर्ट तलब करेगा। बता दें कि इस मामले में राज्य महिला आयोग ने भी एसपी शिमला से रिपोर्ट तलब की है।
पीडि़त युवती मूल रूप से हरियाणा की निवासी है। मामला सामने आने के बाद हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है और अपने राज्य की बेटी के साथ अन्याय न हो। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन ने युवती से हुई घटना को निंदनीय बताया।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में आयोग पीडि़ता के साथ है और मामले को लेकर पूरा सहयोग करेंगे। संभव हुआ तो वह खुद शिमला आकर पीडि़त से मुलाकात करेंगी। मामले को लेकर पीडि़त युवती के परिजनों से इस बारे में बातचीत चल रही है।