पांवटा साहिब की यमुना विहार कॉलोनी (शमशेरपुर) में शनिवार रात बाइक पर आए दो शातिरों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। महिला घर के गेट के समीप टहल रही थी। एक बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। महिला से किसी व्यक्ति के घर का पता पूछने के बहाने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शातिरों को दबोचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
शनिवार रात को पांवटा के यमुना विहार कॉलोनी शमशेरपुर निवासी पांवटा सिविल अस्पताल के वरिष्ठ शिशु रोग चिकित्सक अमिताभ जैन की बुजुर्ग माता बिमला जैन (78) टहलने के लिए घर से बाहर निकली थी। अपने घर के गेट के समीप ही वह टहल रही थी। इस बीच दो शातिर दोपहिया वाहन सवार पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे शातिर ने उतरकर कहा कि आंटी जी मनोज का घर कहां पर है। बुजुर्ग महिला ने ऐसे किसी व्यक्ति के कॉलोनी में होने के बारे में अनभिज्ञता जताई।
लेकिन, जैसे ही महिला ने गेट के तरफ कदम बढ़ाए, शातिर ने पलक झपकते ही बुजुर्ग महिला के गले से करीब एक तोले की सोने की चेन छीन ली। इसके बाद तीव्र गति से दोपहिया सवार शातिर बद्रीपुर की तरफ भाग खड़े हुए। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ जैन ने तुरंत पुलिस थाने में सूचित कर दिया। इसके बाद पांवटा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पांवटा पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।