शादी के लिए इंकार करने के बावजूद एक युवक बार बार फोन पर तंग कर रहा था। युवती ने परेशान होकर जान दे दी। मामला हिमाचल के कुल्लू का है। यहां जिला मुख्यालय से सटी लगघाटी में एक युवती ने जहर का सेवन कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।
युवती को आत्महत्या करने पर मजबूर करने के लिए एक युवक को जिम्मेदार बताया जा रहा है। मृतक युवती के परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक उसे शादी करने के लिए तंग करता था। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक लगघाटी के एक गांव में एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, उसकी हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक युवती के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि पड़ोसी गांव का एक सरफिरा युवक उसे शादी करने के लिए मजबूर कर रहा था।
वह युवती के मना करने पर उसे फोन पर तंग किया करता था। बाद में उसने आवेग में आकर अपनी इहलीला खत्म कर ली। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने को उसके घर की ओर रवाना हो गई है।