एसबीआई की शाखा कांगू की एक महिला के खाते से बिना एटीएम कार्ड और पिन साझा किए 1.59 लाख रुपये साफ हो गए हैं। मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन थाना क्षेत्र का है। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस थाना नादौन में दर्ज करवाई है।
वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पांच मई को महिला के बेटे की शादी है। शादी के लिए जब वह पैसे निकलवाने बैंक के एटीएम में गई तो उसे खाते से रुपये गायब होने का पता चला।
पीड़ित संध्या देवी पत्नी रघुवीर चंद निवासी गांव तरकेड़ी ने बताया कि एक मई को वह कांगू में स्थित अपने खाते से पैसे निकलवाने गई तो उसके एटीएम से पैसे नहीं निकले। इसके बाद जब उसने बैंक में अपने खाते की जांच करवाई तो उसे पता चला कि उसके खाते में सिर्फ 51349 रुपये ही रह गए हैं। जबकि उसके खाते में 2.10 लाख रुपये से ज्यादा रुपये थे। बाद में जब उसने छानबीन की तो पता चला कि खाते से 1 लाख 59 हजार रुपये निकल चुके हैं।
पीड़िता ने कहा कि उसने यह रुपये आगामी पांच मई को अपने बेटे के विवाह के लिए संभाल कर रखे थे। संध्या देवी ने बताया कि बैंक में पता करने पर जानकारी मिली है कि उसके खाते से 28 अप्रैल की रात को 40,000, 29 अप्रैल को 40,000, 30 अप्रैल को 40,000 और 1 मई को 39000 रुपये निकाले गए हैं।
संध्या देवी ने कहा कि उसे बताया गया कि यह रुपये एटीएम से निकाले गए हैं। जबकि, उसका एटीएम उसके पास ही था और उसके फोन पर भी उसके खाते संबंधी किसी ने कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं, थाना प्रभारी महेंद्र परमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।