अध्यापिका ऑनलाइन ठगी की शिकार हो गई। शातिरों ने उनके खाते से 19000 रुपए की राशि निकाल ली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जड़ोल की कंप्यूटर अध्यापिका मनीषा शर्मा ऑनलाइन ठगी की शिकार हो गई। बीबीएमबी पुलिस सुंदरनगर ने शिक्षिका की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामला हिमाचल के मंडी जिले का है।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के पुराना बाजार निवासी मनीषा ने बीबीएमबी थाना को दी शिकायत में बताया कि 16 जून को उन्हें एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनका आधार नंबर पूछा। उसके बाद व्यक्ति ने उनसे एटीएम का पासवर्ड पूछकर उनके खाते से 19000 रुपए की राशि निकाल ली।
उन्होंने बताया कि उनके खाते में से उक्त काल करने वाले ने एसबीआई बद्दी को 5000 रुपए, पे टाइम मोबाइल सोल्यूशन नोएडा को 4999 रुपए, एसी फ्री चार्ज को 8000 रुपए और मोबाइल प्री पेड रिचार्ज के लिए 1000 रुपए की राशि दे दी। मनीषा ने बताया कि
उन्होंने 17 जून को ही बीबीएमबी थाना सुंदरनगर में इस ठगी के बारे में शिकायत दी है। अभी तक इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।